IIT रुड़की के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय ट्रायथलॉन चैंपियनशिप में दिखाया दम, पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर किया शानदार प्रदर्शन
दैनिक तजुर्बा (मुकेश पांडे)::
रुड़की, 17 अगस्त। पुणे के श्री शिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 15 और 16 अगस्त को आयोजित आईटीएफ अंडर-23 एवं सीनियर राष्ट्रीय ट्रायथलॉन चैंपियनशिप में IIT रुड़की के खिलाड़ियों ने पहली बार प्रतिभाग करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का परिचय देते हुए संस्थान और उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया।
प्रतियोगिता में पैरा, सब-जूनियर, जूनियर एवं किड्स वर्ग की स्पर्धाएं 15 अगस्त को, जबकि अंडर-23, सीनियर एवं विभिन्न आयु वर्ग की स्पर्धाएं 16 अगस्त को आयोजित की गईं। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को उनकी श्रेणी के अनुसार तैराकी, साइक्लिंग और दौड़ की विभिन्न निर्धारित दूरियां पूरी करनी थीं।
सीनियर महिला वर्ग में IIT रुड़की की मेधाविनी कपूर ने 11वां स्थान हासिल किया। उन्होंने 1 घंटे 40 मिनट 35.90 सेकंड का कुल समय दर्ज किया। इसी वर्ग में IIT रुड़की की गौरी परवानेन्दु एस. प्रतियोगिता पूरी नहीं कर सकीं और उन्हें DSQ घोषित किया गया।
सीनियर पुरुष वर्ग में चमोली के चतुर सिंह रावत ने 24वां स्थान प्राप्त किया, जबकि IIT रुड़की के रोहित राज ने 27वां स्थान हासिल किया। रोहित राज ने 1 घंटे 27 मिनट 45.11 सेकंड का कुल समय दर्ज किया।
अंडर-23 पुरुष वर्ग में रुद्रप्रयाग के ऋषभ मिंगवाल ने 20वां स्थान प्राप्त किया। IIT रुड़की के आकाश निठारवाल 26वें और तुषार 34वें स्थान पर रहे। वहीं 16–19 आयु वर्ग में रुड़की के एरिन श्रीवास्तव ने 13वां स्थान हासिल किया।
जूनियर वर्ग में मयंक चौधरी ने 18वां स्थान हासिल किया, जबकि किड्स वर्ग में अंकित ने छठा स्थान प्राप्त कर सराहनीय प्रदर्शन किया।
IIT रुड़की के क्रीड़ा अधिकारी एवं उत्तराखंड ट्रायथलॉन एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. आलोक कुमार पांडेय ने कहा कि संस्थान के खिलाड़ियों का पहली बार राष्ट्रीय ट्रायथलॉन चैंपियनशिप में प्रतिभाग करना खेल के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि इससे IIT रुड़की में ट्रायथलॉन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ विद्यार्थियों की नई खेल प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलेगा।
IIT रुड़की की टीम के कोच श्री शानू चोपड़ा तथा टीम मैनेजर डॉ. मुकेश चौधरी रहे। दोनों ने प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन किया। खिलाड़ियों ने भी उनके निर्देशन में राष्ट्रीय स्तर की कठिन प्रतियोगिता में पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।
इंस्टीट्यूट स्पोर्ट्स काउंसिल, IIT रुड़की के चेयरमैन प्रो. भानु वेलेंकी ने सभी खिलाड़ियों को उनके प्रदर्शन के लिए बधाई दी। उन्होंने भविष्य में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों को हर संभव सहयोग और सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता जताई।
पहली बार राष्ट्रीय ट्रायथलॉन चैंपियनशिप में IIT रुड़की के खिलाड़ियों की भागीदारी को संस्थान में ट्रायथलॉन खेल के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से आने वाले समय में इस खेल को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
© Dainik Tajurba. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies