logo


News

रुड़की में 980 ग्राम हेरोइन बरामद, पंजाब का तस्कर गिरफ्तार

रुड़की में 980 ग्राम हेरोइन बरामद, पंजाब का तस्कर गिरफ्तार

रुड़की में 980 ग्राम हेरोइन बरामद, पंजाब का तस्कर गिरफ्तार

हरिद्वार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब दो करोड़ रुपये बताई जा रही है कीमत; सप्लाई नेटवर्क की जांच तेज

दैनिक तजुर्बा (मुकेश पांडे)::

रुड़की। हरिद्वार पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए 980 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद की है। कोतवाली गंगनहर पुलिस ने लाठरदेवा अंडरपास के पास कार्रवाई करते हुए पंजाब निवासी एक तस्कर को गिरफ्तार किया। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस अब इस पूरे तस्करी नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने और इसमें शामिल अन्य आरोपियों तक पहुंचने में जुटी है।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में जिलेभर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 6 जुलाई को कोतवाली गंगनहर पुलिस संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान लाठरदेवा अंडरपास के पास सड़क किनारे खड़ी एक कार में बैठे युवक ने पुलिस टीम को देखकर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया।


कार की तलाशी के दौरान डैशबोर्ड में पन्नी में छिपाकर रखी गई 980 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी गई है।


गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुरविन्दर सिंह (38 वर्ष) पुत्र दलवीर सिंह, निवासी ग्राम नारली, थाना खालड़ा, जिला तरणतारण (पंजाब) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली गंगनहर में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पंजाब से हेरोइन लाकर रुड़की में बेचने की फिराक में था। पुलिस आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर हेरोइन की सप्लाई चेन, खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य तस्करों तथा पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। साथ ही आरोपी के आपराधिक इतिहास का भी सत्यापनकिया जा रहा है।

पुलिस का कहना है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मनीभूषण श्रीवास्तव, वरिष्ठ उपनिरीक्षक दीप कुमार, उपनिरीक्षक पंकज कुमार, हेड कांस्टेबल यूनुस बेग, तेजपाल सिंह, रघुवीर सिंह, अशोक तिवारी, कांस्टेबल देवेश सिंह, नितिन कुमार, प्रभाकर, रवि कुमार एवं संतोष कुमार शामिल रहे।


Dainik Tajurba
Get In Touch

Editor in Chief - Mukesh Pandey

Roorkee

+91-73022225703, 9639623551

news@dainiktajurba.com

Follow Us

© Dainik Tajurba. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies