रुड़की में कांग्रेस को मिला युवाओं का साथ, कई युवाओं ने थामा पार्टी का दामन
दैनिक तजुर्बा (मुकेश पांडे):
रुड़की। रुड़की महानगर कांग्रेस कार्यालय में आयोजित सदस्यता कार्यक्रम के दौरान कई युवाओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर पार्टी का दामन थाम लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंडित सुभाष चंद्र शर्मा ने की, जबकि संचालन महानगर जिलाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने किया।


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि भाजपा की नीतियों से जनता और युवा वर्ग निराश है, जिसके चलते बड़ी संख्या में लोग कांग्रेस की ओर आकर्षित हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड में कांग्रेस का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है।


महानगर जिलाध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने कहा कि रुड़की में कांग्रेस संगठन लगातार विस्तार कर रहा है और युवाओं का भरोसा पार्टी पर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों से परेशान युवा कांग्रेस की विचारधारा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने डॉ. विवेक सिंह, पंकज राठी और राजीव वालिया का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि इनके जुड़ने से संगठन को नई मजबूती मिलेगी।


नवनियुक्त सदस्य डॉ. विवेक सिंह ने कहा कि देश में बढ़ती महंगाई और युवाओं से जुड़े मुद्दों को देखते हुए उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ली है। वहीं पंकज राठी ने कहा कि युवाओं को अपने अधिकारों और जनहित के मुद्दों के लिए कांग्रेस के साथ जुड़कर संगठन को मजबूत करना चाहिए।


कार्यक्रम में डॉ. विवेक सिंह, पंकज राठी और राजीव वालिया ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष नीरज सैनी, रिजवान अहमद, पूर्व मेयर गौरव गोयल, जिला महामंत्री मोहित त्यागी, विकास त्यागी 'मोनू', डॉ. हरविंदर सिंह, संजय गुड्डू, विजय पाल सिंह, सुधीर चौधरी, सुनील शर्मा, उम्मेद गाजी, डॉ. इरशाद मीर, नूर मोहम्मद, अनिल पुंडीर, नूर मलिक, नसीम खान, नूर आलम, अनूप शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


© Dainik Tajurba. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies