रामपुर चुंगी में जलभराव पर परवेज सुल्तान ने उठाए सवाल, बोले- विभागों की लापरवाही से हर साल डूबता है इलाका
दैनिक तजुर्बा (मुकेश पांडे):
रुड़की। रामपुर चुंगी में लगातार हो रहे जलभराव को लेकर आज़ाद समाज पार्टी के नेता एवं रामपुर नगर पंचायत अध्यक्ष परवेज सुल्तान ने नगर निगम, नेशनल हाईवे अथॉरिटी (NHAI) और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।


परवेज सुल्तान ने कहा कि करीब 15 वर्ष पहले नाले के निर्माण के दौरान उसकी शटरिंग नाले के भीतर गिर गई थी, जिसे आज तक नहीं निकाला गया। उनका आरोप है कि इसी कारण नाला पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है और हर बरसात में रामपुर चुंगी में जलभराव की समस्या गंभीर रूप ले लेती है।


उन्होंने बताया कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर निगम, नेशनल हाईवे अथॉरिटी, पीडब्ल्यूडी और अन्य संबंधित विभागों को कई बार लिखित शिकायतें भेजी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका कहना है कि नगर पंचायत ने अपने अधिकार क्षेत्र के सभी नालों की समय रहते सफाई करवा दी थी, जबकि नगर निगम और हाईवे क्षेत्र के नालों की सफाई नहीं होने से पानी की निकासी बाधित हो रही है।


उन्होंने कहा कि विभागों के बीच समन्वय की कमी का खामियाजा आम जनता को हर वर्ष भुगतना पड़ रहा है। वहीं, लगातार हो रहे जलभराव से स्थानीय लोगों में भी भारी नाराजगी है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि संबंधित विभाग आपसी जिम्मेदारी तय कर जल निकासी की स्थायी व्यवस्था करें, ताकि हर बरसात में रामपुर चुंगी को जलभराव से बचाया जा सके और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो।




© Dainik Tajurba. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies