यूकेडी के कार्यकारी जिलाध्यक्ष ने थामा कांग्रेस का हाथ, कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने किया स्वागत
रुड़की। उत्तराखंड क्रांति दल के कार्यकारी जिलाध्यक्ष गौरव अग्रवाल, जिला संगठन सचिव मधुसूदन जौहरी और छात्र संघ जिलाध्यक्ष मिलिंद चौधरी ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। जिला कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट के नेतृत्व में तीनों नेताओं ने कांग्रेस का हाथ थामा।


इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पार्टी में शामिल हुए नेताओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया।
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने कहा कि युवाओं को कांग्रेस पार्टी से आशा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों में समाज के सभी वर्गों के हितों को ध्यान में रखा जाता है। उन्होंने भाजपा की नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठ रहे हैं।


कांग्रेस में शामिल हुए गौरव अग्रवाल ने कहा कि देश का युवा कांग्रेस की ओर देख रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियां देश को जोड़ने वाली हैं और इन्हीं विचारों से प्रभावित होकर उन्होंने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है। उन्होंने यूकेडी की कार्यप्रणाली को लेकर भी अपनी बात रखी।
जिला संगठन सचिव मधुसूदन जौहरी ने कहा कि उन्हें कांग्रेस की नीतियां पहले से पसंद रही हैं। उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि बदलाव की सोच के साथ वह कांग्रेस में शामिल हुए हैं।


वहीं छात्र संघ जिलाध्यक्ष मिलिंद चौधरी ने कहा कि राहुल गांधी युवाओं की आवाज बनकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को आगे बढ़ाने की सोच से प्रभावित होकर उन्होंने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।


इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष संजय गुड्डू, विकास त्यागी, मुस्तकीम अहमद सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
दैनिक तजुर्बा
मुकेश पांडे की रिपोर्ट
© Dainik Tajurba. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies