परिवहन मंत्री ने की उत्तराखंड परिवहन निगम की समीक्षा, आय बढ़ाने और रिक्त पद जल्द भरने के निर्देश
दैनिक तजुर्बा (मुकेश पांडे):
देहरादून, 6 जुलाई। उत्तराखंड के परिवहन मंत्री ने सोमवार को उत्तराखंड परिवहन निगम की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में निगम के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आय-व्यय, यात्री सुविधाओं, नए बस अड्डों के निर्माण और रिक्त पदों समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।


बैठक के दौरान परिवहन मंत्री ने निगम की आय बढ़ाने और अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी मानसून सत्र को देखते हुए यात्री सुरक्षा और सुचारु परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया।


समीक्षा बैठक में प्रदेश में निर्माणाधीन नए बस अड्डों की प्रगति का भी आकलन किया गया। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।


इसके अलावा निगम में रिक्त पदों की स्थिति पर चर्चा करते हुए मंत्री ने पारदर्शी प्रक्रिया अपनाकर जल्द भर्ती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि परिवहन सेवाओं की गुणवत्ता में और सुधार किया जा सके।




परिवहन मंत्री ने कहा कि आम जनता को सुरक्षित, बेहतर और समयबद्ध परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से इस दिशा में पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ कार्य करने को कहा।

बैठक में उत्तराखंड परिवहन निगम की प्रबंध निदेशक रीना जोशी, महाप्रबंधक (कार्मिक) अनिल सिंह गरब्याल, महाप्रबंधक (संचालन) क्रांति सिंह, महाप्रबंधक (तकनीकी) पवन मेहरा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
© Dainik Tajurba. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies