नगर आयुक्त ने कर अनुभाग की समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश, संपत्ति कर वसूली और सर्वे में लाई जाएगी तेजी
दैनिक तजुर्बा (मुकेश पांडे):
रुड़की। नगर निगम कार्यालय में शनिवार (04 जुलाई 2026) को नगर आयुक्त की अध्यक्षता में दोपहर 1 बजे कर अनुभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संपत्ति कर संग्रह बढ़ाने, नए क्षेत्रों में व्यावसायिक संपत्तियों का सर्वे कराने तथा बकायेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।


नगर आयुक्त ने निर्देशित किया कि कर संग्रहकर्ता एक माह के भीतर नए क्षेत्रों की सभी व्यावसायिक संपत्तियों का सर्वे पूरा कर करारोपण की कार्रवाई सुनिश्चित करें। जिन व्यावसायिक संपत्ति स्वामियों द्वारा संपत्ति कर जमा नहीं कराया जा रहा है, उनके विरुद्ध नियमानुसार नोटिस, वारंट एवं आरसी (रिकवरी सर्टिफिकेट) की कार्रवाई की जाएगी।


बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि पुराने क्षेत्रों की जिन संपत्तियों पर अब तक करारोपण नहीं हुआ है, उन्हें नोटिस जारी कर कर निर्धारण एवं वसूली की प्रक्रिया पूरी की जाए। साथ ही जिन सरकारी संस्थानों पर अब तक सर्विस चार्ज या संपत्ति कर निर्धारित नहीं किया गया है, उनसे शीघ्र पत्राचार कर करारोपण सुनिश्चित किया जाए।

नगर आयुक्त ने कहा कि नए क्षेत्रों की व्यावसायिक संपत्तियों की सर्वे सूची तैयार होने के बाद उनकी कर निर्धारण सूची एवं मांग रजिस्टर भी तैयार किए जाएं। इसके अलावा संपत्ति कर की गणना में GIS सर्वे से प्राप्त आंकड़ों का उपयोग करने के निर्देश भी दिए गए।

नगर निगम का उद्देश्य संपत्ति कर व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और प्रभावी बनाते हुए राजस्व संग्रह में वृद्धि करना है।



© Dainik Tajurba. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies