रुड़की: गांव के साधारण परिवार क़ी बेटी ने रचा इतिहास, Lower PCS में Deputy Jailor पद पर Rank-1
हरिद्वार। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा घोषित Lower PCS परीक्षा के परिणाम में हरिद्वार के ग्राम धनपुरा निवासी खुशनसीब, पुत्र श्री गुलाम साकिब, ने शानदार सफलता हासिल की है। खुशनसीब का चयन डिप्टी जेलर पद पर हुआ है और उन्होंने डिप्टी जेलर पद की मेरिट में प्रथम स्थान यानी Rank-1 प्राप्त कर क्षेत्र और परिवार का नाम रोशन किया है।
खुशनसीब ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2012 में स्नातक और वर्ष 2013 में बीएड की उपाधि हासिल की। सरकारी सेवा में जाने के लक्ष्य को लेकर उन्होंने लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जारी रखी।
सफलता की इस राह में उन्हें कई बार असफलताओं का सामना भी करना पड़ा। Upper PCS 2024 में कुछ अंकों से चयन से चूकने के बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी। इसके बाद PCS मुख्य परीक्षा 2025 और Lower PCS 2024 की परीक्षा में सफलता हासिल करते हुए आखिरकार डिप्टी जेलर पद पर Rank-1 प्राप्त कर लिया।
खुशनसीब ने अपनी सफलता का श्रेय अपने परिवार को दिया। उन्होंने बताया कि परिवार ने कठिन परिस्थितियों और सामाजिक तानों के बावजूद उनकी पढ़ाई और तैयारी में लगातार सहयोग किया। परिवार के सहयोग और उनके निरंतर संघर्ष ने आखिरकार उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।
खुशनसीब की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बनी है। उनकी सफलता यह संदेश देती है कि लगातार मेहनत, धैर्य और लक्ष्य के प्रति समर्पण से कठिन से कठिन मंजिल भी हासिल की जा सकती है।
दैनिक तजुर्बा — मुकेश पांडे की रिपोर्ट
© Dainik Tajurba. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies