logo


News

कलियर फतह का भाजपा ने फूंका बिगुल, मुनीश सैनी बोले— संगठन की ताकत से 2027 में खत्म होगा 15 साल का इंतजार

सुभाष नगर मंडल की बैठक में कार्यकर्ताओं को दिया चुनावी मंत्र, एसआईआर अभियान और नए मतदाता पंजीकरण पर रहेगा विशेष फोकस

कलियर फतह का भाजपा ने फूंका बिगुल, मुनीश सैनी बोले— संगठन की ताकत से 2027 में खत्म होगा 15 साल का इंतजार

सुभाष नगर मंडल की बैठक में कार्यकर्ताओं को दिया चुनावी मंत्र, एसआईआर अभियान और नए मतदाता पंजीकरण पर रहेगा विशेष फोकस

दैनिक तजुर्बा (मुकेश पांडे):

रुड़की। कलियर विधानसभा सीट पर वर्ष 2027 के चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अभी से चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सुभाष नगर मंडल की मासिक बैठक एवं प्रशिक्षण शिविर का आयोजन कलियर विधानसभा क्षेत्र के सुनहरा स्थित एक सभागार में किया गया। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाने की रणनीति तैयार की गई।


बैठक को संबोधित करते हुए विधानसभा संयोजक मुनीश सैनी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि भाजपा की जीत का आधार मजबूत संगठन और सक्रिय कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा कि 7 जुलाई से शुरू होने वाले नए मतदाता पंजीकरण अभियान में प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी जिम्मेदारी के साथ जुटे। एक जुलाई 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में जुड़वाया जाए, वहीं फर्जी मतदाताओं की पहचान कर सूची को पारदर्शी बनाने में भी सहयोग किया जाए।


मुनीश सैनी ने कहा कि कलियर विधानसभा सीट पर भाजपा को लंबे समय से सफलता नहीं मिली है, लेकिन अब राजनीतिक परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं। उन्होंने दावा किया कि यदि कार्यकर्ता अभी से बूथ स्तर पर पूरी मजबूती के साथ जुट जाएं तो वर्ष 2027 में भाजपा कलियर सीट पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी और वर्षों का इंतजार समाप्त होगा।


मंडल प्रभारी अभिषेक चंद्रा ने कहा कि एसआईआर अभियान अपने अंतिम चरण में है। ऐसे में पार्टी द्वारा नियुक्त सभी बीएलओ अपने-अपने बूथों पर पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि सरकार की विकास योजनाओं और पार्टी की नीतियों को हर घर तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन की एकजुटता, बूथ प्रबंधन और कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर वर्ष 2027 में कलियर विधानसभा में भाजपा का परचम लहराएगा।


बैठक का संचालन आकाश छाछर ने किया। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष प्रतिभा चौहान, गीता मलिक, मीनाक्षी तोमर, अनिल सैनी, डॉ. बृजपाल, आदित्य चौहान, सूरज नेगी, कदम सिंह, आरती बहुखंडी, पंकज पाल, अभिनव सैनी, मोहित अग्रवाल, विजय रावत, सोहन राणा, रणवीर सिंह, प्रथम तोमर, शाहनवाज अली, पुष्पा ऐठानी, प्रवेश धीमान, ममता मंतुल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Dainik Tajurba
Get In Touch

Editor in Chief - Mukesh Pandey

Roorkee

+91-9639623551, 7302225703

news@dainiktajurba.com

Follow Us

© Dainik Tajurba. All Rights Reserved. Design by Xcoders Technologies